
लापता नाबालिग को पुलिस ने किया बरामद, अनुसंधान जारी।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बेलवागंज से लापता नाबालिग को पुलिस ने बरामद कर लिया है। बताया जाता है कि सोमवार की शाम से नाबालिग बच्चा लापता था। आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस हरकत में आई, जगह-जगह छापामारी कर तीन नाबालिग लड़कों एवं एक नाबालिग लड़की को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।

नाबालिग बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ युवक पकड़कर गुदरी बाजार ले गए थे, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट होने के बाद वह बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमीघाट के पास स्थित एक मंदिर में जाकर छुप गया था। छुपने के पीछे उसने कारण बताया कि मारपीट करने वाले नाबालिग फिर से उनके घर पर आकर मारपीट कर सकते थे। मारपीट के मामले को लेकर नाबालिग ने बताया कि उसे एक युवती से दोस्ती है। जिसे दूसरे नाबालिग उसके साथ दोस्ती नहीं रखने के लिए दवाब बना रहे थे। उसी को लेकर उनके साथ मारपीट की गई।

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि आवेदन मिलते ही हड़कत में आकर जगह-जगह छापामारी की गई। छापामारी के दौरान लापता नाबालिग तो बरामद नहीं हो पाया था, लेकिन मां सेवरी देवी के आवेदन के आधार पर तीन नाबालिग युवक एवं एक नाबालिग लड़की को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। लापता नाबालिग को जब भनक लगी की पुलिस उसे खोज रही है। किसी दूसरे व्यक्ति से मोबाइल लेकर कॉल कर रहा था, लेकिन नेटवर्क के कारण कॉल नहीं लगा।

मंगलवार की शाम अंधेरा होने के बाद लापता नाबालिग बंगाली टोला के रास्ते घर पहुंच गया। थानाध्यक्ष ने बताया के लापता नाबालिग को थाना लाया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। नाबालिग के बयान पर आगे कारवाई की जाएगी। नाबालिग पूरी तरह स्वस्थ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लापता नाबालिग की बरामदगी के लिए कई टीम बनाकर बताए गए जगह पर छापामारी की जा रही थी।


