
विषाक्त पदार्थ के सेवन से बिगड़ी महिला एवं बच्चे की तबियत, डीएमसीएच में भर्ती।
दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में कीटनाशक खाने से महिला और उसके दो बच्चों की तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग पहुंचाया गया। महिला का इलाज मेडिसिन सीसीडब्ल्यू में चल रहा है। दोनों बच्चों को शिशु रोग विभाग में भर्ती कराया गया है। महिला सरोज यादव की पत्नी संध्या देवी(25) बताई जाती है। बच्चों की पहचान प्रीति(04)और गोलू (01) के रूप में की गई है।

संध्या देवी के पति सरोज यादव ने बताया कि वह ई रिक्शा चलाता है। उसे घर से फोन आया कि दूधमुंहे बच्चे ने खाने में कीटनाशक मिला दिया था। इसकी जानकारी नहीं रहने पर खाना खाने से संध्या देवी और दो बच्चों की तबियत बिगड़ गई है। वे बार- बार उल्टियां कर रहे हैं। घर पहुंचकर पहुंचने के बाद तीनों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। उनका इलाज चल रहा है।


