
शोभन पुल पर हादसा: अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार की मौत।
दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच-27 पर शोभन पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुरपुर प्रखंड के कमरौली गांव निवासी भूपेंद्र पासवान (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र पासवान किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। वे परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और मेहनत-मजदूरी कर चार छोटे बच्चों और पत्नी का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

बहादुरपुर के उप प्रमुख मनोज कुमार सिंह ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को प्रखंड और जिला स्तर से मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाने का प्रयास होगा।

मृतक के चाचा फुदन पासवान ने बताया कि भूपेंद्र की असामयिक मौत से परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।
सिमरी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।


