
सड़क दुर्घटना : 16 वर्षीय किशोर की मौत, बाइक सवार गंभीर।
दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसुहाम गांव के पास मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में 16 वर्षीय सुमन कुमार मंडल की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसुहाम गांव निवासी अकुली मंडल का पुत्र सुमन कुमार मंडल सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बहेड़ा-बहेड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस संबंध में जब बहेड़ा थाना अध्यक्ष हरिद्वार शर्मा से पूछा गया, तो उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि संबंधित सूचना प्राप्त होने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


