
सिंधी समाज ने वरुण देव की पूजा कर मनाया सांई झूलेलाल महोत्सव।
दरभंगा: पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा 40 दिवसीय सांई झूलेलाल महोत्सव के तहत रविवार को कटहलबाड़ी स्थित पूज्य झूलेलाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के श्रद्धालु शामिल हुए और ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह भगवान झूलेलाल की भजन-कीर्तन व महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। आरती उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। वहीं संध्या समय सिंधी समाज की महिलाएं लाल रंग के आकर्षक परिधानों में आरती की थाल लेकर झूलेलाल मंदिर से माधवेश्वर परिसर स्थित तालाब तक धूमधाम से पहुंचीं। अलवर (राजस्थान) से आए मसक बैंड की धुन पर महिलाएं लोक नृत्य करती हुई तालाब पहुंचीं और जल देवता भगवान वरुण की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।

इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्यामा मंदिर जाकर मां श्यामा की भी आराधना की। मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। झूलेलाल मंदिर को फूलों व बिजली की आकर्षक झालरों से सजाया गया था। देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को भी विशेष श्रृंगार कर आकर्षक परिधान पहनाए गए।

देर शाम बनारस से आए एमवीजे ग्रुप ने भजन-संध्या व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति संसाधन राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी और बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री सह स्थानीय विधायक संजय सरावगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सिंधी पंचायत के मुखिया जगत लाल जुमनानी ने अतिथियों का स्वागत किया।


