
सिलेंडर रिसाव से लगी भीषण आग, महिला झुलसी; दो लाख की संपत्ति राख।
दरभंगा: बुधवार को दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड अंतर्गत तरवारा गांव में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला बुरी तरह झुलस गई, जबकि घर में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता भारती कुमारी खाना बना रही थीं, तभी सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। परिजन और ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर महिला को जलते घर से बाहर निकाला और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बिरौल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर स्थिति में डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

इस दौरान आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे घर का सारा सामान कुछ ही मिनटों में जल गया। बताया जा रहा है कि घर में हाल ही में स्वर्गीय पिता के श्राद्ध भोज की तैयारी के लिए दो लाख रुपये से अधिक की सामग्री रखी गई थी, जो पूरी तरह नष्ट हो गई।

पीड़ित परिवार के सदस्य रमेश प्रसाद निराला ने बताया कि भोज की तैयारी जोर-शोर से चल रही थी, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ खत्म कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पंचायत की मुखिया संजू देवी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता, उचित चिकित्सा सुविधा और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाई जाए ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें।

