
स्वतंत्रता दिवस पर दरभंगा में प्रभारी मंत्री ने किया ध्वजारोहण, गुड समैरिटन समेत कई को मिला सम्मान।
दरभंगा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले का मुख्य समारोह लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में धूमधाम से आयोजित हुआ। सुबह 9:05 बजे बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और उसके बाद स्वतंत्रता दिवस पर अपना संबोधन दिया।

इससे पूर्व तय कार्यक्रम के तहत सुबह 8:35 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, 8:40 बजे जिलाधिकारी, 8:45 बजे पुलिस महानिरीक्षक और 8:50 बजे आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल का आगमन हुआ। 8:55 बजे प्रभारी मंत्री के पहुंचने के साथ ही समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

परेड और सम्मान समारोह
परेड में बीएमपी-13, जिला सशस्त्र पुलिस (पुरुष एवं महिला), गृह रक्षा बटालियन, एनसीसी (बालक एवं बालिका) तथा भारत स्काउट और गाइड की टुकड़ियां शामिल हुईं। परेड का नेतृत्व प्रिया राज और रूपक कुमार ने किया।

समारोह में लोक शिकायत निवारण, दरभंगा की पुस्तिका “समाधान” का विमोचन किया गया। अंगदान एवं नेत्रदान करने वाले दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। वाणिज्य कर विभाग से जुड़े व्यवसायियों को “भामाशाह” सम्मान, गुड समैरिटन को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों व परेड प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।


