Home Featured हर योग्य मतदाता का नाम हो मतदाता सूची में दर्ज : डीएम।
Featured - मुख्य - August 1, 2025

हर योग्य मतदाता का नाम हो मतदाता सूची में दर्ज : डीएम।

दरभंगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं डीएम कौशल कुमार ने कहा है कि कोई भी योग्य मतदाता निर्वाचक सूची से वंचित न रहे और कोई भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो—इसी उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिले के सभी प्रखंडों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षित किया गया।

Advertisement

डीएम ने बताया कि यह प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 326 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 16 एवं 19 के प्रावधानों के अनुरूप की जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन सूची में नाम दर्ज कराने के लिए व्यक्ति की आयु 18 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए, वह संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी हो, भारत का नागरिक हो और किसी कानून के तहत अयोग्य न हो।

Advertisement

1 अगस्त 2025 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। इसके बाद 1 अगस्त से 1 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 25 सितंबर तक प्राप्त गणना प्रपत्रों पर निर्णय लिया जाएगा और 27 सितंबर तक निर्वाचन आयोग से अंतिम प्रकाशन की अनुमति लेकर 30 सितंबर 2025 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

Advertisement

बीएलओ को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे बीएलओ ऐप के माध्यम से ऐसे सभी मतदाताओं के दस्तावेज और फोटो अपलोड करें, जिनके विवरण अधूरे हैं। साथ ही, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को चिन्हित कर उनके पुराने विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या और क्रमांक की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करें।

प्रारूप मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक पदाधिकारियों और जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में प्रदर्शित की गई है। साथ ही, इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है।

Advertisement

राजनीतिक दलों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त दलों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन जमा करने की अनुमति दी है। बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे बीएलए से समन्वय कर आवेदन प्राप्त कर दैनिक प्रतिवेदन तैयार करें और संबंधित पदाधिकारियों को सौंपें।

डीएम ने सभी बीएलओ से अभियान को गंभीरता से लेने और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि हर योग्य नागरिक को मताधिकार सुनिश्चित हो सके।

Share