
हाथ और नाक में पाइप लगी महिला की मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस।
दरभंगा: दरभंगा और सहरसा जिला के सीमावर्ती जलई थाना की सीमा पर शनिवार को एक महिला की लाश मिली। महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने शव देखने के बाद पुलिस की सूचना दी। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर कुछ ऐसा नहीं मिला है, जिससे महिला की पहचान हो सके। आसपास के थाना की पुलिस की मदद से महिला की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

महिला के नाक में फूड दिया जाने वाला नासोगैस्ट्रिक ट्यूब (NG ट्यूब) लगा था। इस ट्यूब के जरिए प्लास्टिक की पतली पाइप को नाक से पेट तक पहुंचाया जाता है। इसके जरिए मरीज को खाना, दवा देने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, महिला के दाहिने हाथ में स्लाइन चढ़ाने वाला पाइप भी लगा हुआ था।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि शव को देखने से लगता है कि किसी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई होगी, जिसके बाद उसके परिजन दाह संस्कार के लिए न ले जाकर यहां फेंक गए हैं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला मरीज का कोई परिजन नहीं होगा। मरीज की मौत के बाद इसे यहां फेंक दिया गया है।

महिला की लाश की सूचना मिलते ही जमालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि लाश ऐसी जगह मिली थी, जो दो जिलों की सीमा पर है। लिहाजा, दूसरी ओर से जलई थाना भी मौके पर पहुंची थी। करीब 30 मिनट तक दोनों थाना की पुलिस के बीच सीमा को लेकर विवाद चलता रहा। आखिर में जमालपुर पुलिस को सीनियर अधिकारियों की ओर से मिले आदेश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच पड़ताल शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उम्र और मौत के कारणों का भी पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ होगी। जमालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया, सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को जल्द मामले के खुलासे की उम्मीद है।

