Home Featured खबर का असर: पेड़ के नीचे कक्षा चलने की खबर पर DM का त्वरित संज्ञान, प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण, जांच कमिटी गठित।
Featured - मुख्य - September 15, 2026

खबर का असर: पेड़ के नीचे कक्षा चलने की खबर पर DM का त्वरित संज्ञान, प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण, जांच कमिटी गठित।

दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड के खैरा स्थित एनपीएस बहादुरपुर मुसहरी में बच्चों के पेड़ के नीचे पढ़ने और विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जुड़ी वॉयस ऑफ दरभंगा की खबर पर दरभंगा के जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लिया है। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने विद्यालय की स्थिति को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भूमिहीन अथवा भवनहीन विद्यालयों में कक्षा संचालन के लिए विभागीय स्तर पर उन्हें किसी नजदीकी विद्यालय से संबद्ध किए जाने की व्यवस्था है। ऐसे में एनपीएस बहादुरपुर मुसहरी में इस प्रकार की स्थिति सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है।

मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनसे यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि विद्यालय भवनहीन होने की स्थिति में किस परिस्थिति में विद्यालय का संचालन इस तरह किया जा रहा था और बच्चों की कक्षाएं पेड़ के नीचे क्यों संचालित हो रही थीं।

जांच के लिए कमिटी गठित

जिला प्रशासन ने केवल स्पष्टीकरण तक मामला सीमित नहीं रखा है, बल्कि विद्यालय की वास्तविक स्थिति और वहां कक्षा संचालन की परिस्थितियों की जांच के लिए एक जांच कमिटी का गठन भी किया गया है। कमिटी विद्यालय की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और अब तक की व्यवस्था की पड़ताल करेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार जांच कमिटी की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2007 में स्थापना, अब तक भवन का इंतजार

गौरतलब है कि एनपीएस बहादुरपुर मुसहरी की स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी। विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई होती है और यहां 66 बच्चे नामांकित हैं। विद्यालय में तीन शिक्षक पदस्थापित हैं। इसके बावजूद विद्यालय के पास अपना भवन नहीं होने तथा बच्चों के पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करने की तस्वीर ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

खबर में विद्यालय में मध्यान भोजन के लिए अलग व्यवस्था नहीं होने, बरामदे में भोजन तैयार किए जाने, पेयजल के लिए चापाकल नहीं होने और शौचालय की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया गया था। वहीं, प्रधानाध्यापक कक्ष में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होने की बात भी सामने आई थी।

प्रशासनिक संज्ञान से जगी समाधान की उम्मीद

वॉयस ऑफ दरभंगा की खबर के बाद जिला प्रशासन की ओर से त्वरित संज्ञान लिए जाने से अब विद्यालय की स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है। जांच कमिटी की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि विद्यालय को नजदीकी विद्यालय से संबद्ध करने समेत बच्चों के लिए भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।

फिलहाल प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण और जांच कमिटी के गठन को प्रशासन की ओर से उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब निगाहें जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share