
वॉयस ऑफ दरभंगा की खबर के बाद शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान, तीन स्कूलों के संचालन में बदलाव।
दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालय की बदहाल व्यवस्था और बच्चों को हो रही परेशानी को लेकर वॉयस ऑफ दरभंगा द्वारा खबर प्रसारित किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए बहादुरपुर के तीन विद्यालयों के संचालन की व्यवस्था में बदलाव का निर्देश जारी किया गया है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बहादुरपुर की ओर से 14 सितंबर 2026 को जारी पत्र में विद्यालयों के निरीक्षण एवं विभागीय आदेश के आधार पर नई व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया है। पत्र में संबंधित विद्यालयों के प्रधान शिक्षक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से अपने विद्यालय का संचालन निर्धारित नजदीकी विद्यालय में सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्देश के अनुसार खैरा पंचायत के न्यू प्राइमरी स्कूल बहादुरपुर मुसहरी टोला को मध्य विद्यालय जलोखर, सिमरा नेहालपुर पंचायत के न्यू प्राइमरी स्कूल गेहुमी को प्राथमिक विद्यालय गेहुमी तथा उघरा पंचायत के न्यू प्राइमरी स्कूल पारावान टोला उघरा को बुनियादी विद्यालय उघरा में संचालित किया जाएगा।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि संबंधित विद्यालयों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए निर्धारित विद्यालय में आवश्यक व्यवस्था करते हुए संचालन सुनिश्चित किया जाए।
खबर के बाद हरकत में आया विभाग
गौरतलब है कि वॉयस ऑफ दरभंग ने विद्यालय की बदहाल स्थिति और बच्चों की परेशानी को प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रसारित की थी। खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच/अनुश्रवण किया गया। इसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के संचालन को लेकर यह आदेश जारी किया।
विभागीय कार्रवाई के बाद अब इन विद्यालयों के बच्चों को नजदीकी विद्यालय में पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। हालांकि, विद्यालयों की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान कितना हुआ है, यह नई व्यवस्था लागू होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

