
दरभंगा में सोलर-सह-सोलर लोन मेला, 118 घरेलू उपभोक्ताओं ने कराया आवेदन।
दरभंगा: स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को नाका नंबर-05 स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में सोलर-सह-सोलर लोन मेला आयोजित किया गया। मेले में बड़ी संख्या में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लिया और रूफटॉप सोलर पैनल लगाने तथा सोलर लोन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
मेले में कुल 118 इच्छुक घरेलू उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर लगाने के लिए आवेदन किया। वहीं, सोलर लोन लेने के इच्छुक 34 उपभोक्ताओं ने विभिन्न बैंकों में ऋण के लिए आवेदन जमा किया। उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की स्थापना, अनुदान, बैंक ऋण, आवेदन प्रक्रिया और योजना के लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
मेले में अधिकृत सोलर वेंडरों की ओर से स्टॉल लगाए गए और रूफटॉप सोलर पैनल की प्रदर्शनी की गई। वेंडरों ने उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की गुणवत्ता, क्षमता, लागत, स्थापना प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
सोलर लोन उपलब्ध कराने और उपभोक्ताओं को ऋण से जोड़ने में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सोलर लोन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिवधारा, ईनाय, कादिराबाद एवं पीएनबी कामेश्वर नगर स्थित बैंक शाखाओं को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

वहीं, दरभंगा जिले में रूफटॉप सोलर पैनल के अधिष्ठापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह वेंडरों को भी जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित वेंडरों में एमएन एनर्जी एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, दरभंगा; सोलर पावर सनराइज रिन्यूएबल एनर्जी; ओएमएस सोलर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड; एडीपी रिन्यू पावर तथा फ्लावरफिज सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोलर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और सोलर वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि इच्छुक उपभोक्ताओं को समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम सेवा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि रूफटॉप सोलर योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ता स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अपनाने के साथ अपने बिजली बिल में भी कमी ला सकते हैं। सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
मेले के माध्यम से उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने और सोलर लोन प्राप्त करने की प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित विद्युत विभाग के सभी अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

