
दरभंगा के चार प्रखंडों में 125 दिव्यांगजनों को मिली बैटरी चालित ट्राई साइकिल
दरभंगा: दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को जिले के चार प्रखंडों में 125 दिव्यांगजनों के बीच निःशुल्क बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर सिंहवाड़ा, केवटी, मनीगाछी और अलीनगर प्रखंड में पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।
वितरण कार्य संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग के सहायक निदेशक आशीष अमन और कार्यालय कर्मियों की देखरेख में संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और दिव्यांगजनों का सामाजिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करना है। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से लाभार्थियों को दैनिक कार्यों के साथ शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। इससे उन्हें आवागमन में होने वाली शारीरिक कठिनाइयों से राहत मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलेगी।
ट्राई साइकिल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

