Home Featured सिंहवाड़ा में 13 वर्षीय गौरव तीन दिन से लापता; पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग

सिंहवाड़ा में 13 वर्षीय गौरव तीन दिन से लापता; पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटासा गांव के रहने वाले 13 वर्षीय गौरव कुमार पिछले तीन दिनों से गुम हैं। परिवार और ग्रामीणों ने बच्चे की तत्काल बरामदगी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से संज्ञान लेने की अपील की है। गौरव 9 जून की सुबह अपने दादा राजकुमार साह के साथ बटेश्वर बाबा मंदिर पूजा करने गया था। पूजा के दौरान वह अचानक गायब हो गया। घटना के बाद से परिजन और स्थानीय लोग मिलकर बच्चे की खोजबीन कर रहे हैं।

Advertisement

परिजनों के मुताबिक, गौरव सिंहवाड़ा के चौधरी कैदारनाथ विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र है। उसके दादा राजकुमार साह ने बताया कि उन्होंने मंदिर के चबूतरे पर बैठा कर पूजा के लिए मंदिर के अंदर प्रवेश किया था। करीब 10 मिनट बाद लौटने पर पोता वहीं नहीं मिला। शुरू में उन्होंने आसपास खोजा, फिर परिवार और पड़ोसियों के साथ मंदिर परिसर, बाजार तथा गांव में खोजबीन की, परंतु देर शाम तक कोई पता नहीं चला।

Advertisement

मंदिर के पुजारी रुद्रनाथ झा ने कहा कि गौरव को उसके दादा के साथ मंदिर आते देखा था। राजकुमार साह पूजा के लिए अंदर गए थे और बच्चा बाहर बैठा हुआ था। पुजारी ने बताया कि बच्चे के गायब होने से कुछ समय पहले मंदिर में एक महिला और एक पुरुष दिखाई दिए। हालांकि उन्होंने यह नहीं देखा कि वे बच्चे को साथ ले गए या बच्चा उनके साथ गया। मंदिर परिसर में सीसीटीवी लगा हुआ है, पर वह खराब होने के कारण पुलिस को कोई फुटेज नहीं मिल सका।

गौरव की मां गुड़िया देवी ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता है। उन्होंने कहा कि उनका किसी से किसी प्रकार का तकरार या जमीन विवाद नहीं है और समझ नहीं आ रहा कि बेटा कहां गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल आवेदन नहीं लिया और 24 घंटे बाद आवेदन देने की बात कही। परिजन का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद ही जांच शुरू हुई है।

गौरव के दादा राजकुमार साह ने बताया कि कोरोना के दौरान गुजरात में काम कर रहे उनके पुत्र यानी गौरव के पिता की सांप के काटने से मृत्यु हो गई थी। गौरव की दादी गीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले बच्चे को कुत्ते ने काट लिया था, इसलिए पंडित की सलाह पर वह पूजा की थाली लेकर मंदिर गया था। दादी ने बताया कि उनका पोता मात्र 10 मिनट में मंदिर से गायब हो गया।

सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार खुद बटेश्वर बाबा मंदिर पहुंचकर पुजारी, दुकानदारों, परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजन से आवेदन मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

परिजन का कहना है कि बच्चे के गायब होने के बाद एक अनजान नंबर से कॉल आई। परिजनों ने कॉल की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका बच्चा गायब हुआ है और वापस चाहिए तो कितने रुपए देंगे। बाद में उसने कहा कि वह मजाक कर रहा था और उसने इंस्टाग्राम पर खबर देखी थी। परिजन इस कॉल को संदिग्ध मानते हैं और पुलिस से संबंधित नंबर की तकनीकी जांच तथा कॉल करने वाले की पहचान कर सच्चाई उजागर करने की मांग कर रहे हैं।

Share