
18 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, बढ़ेगी आत्मनिर्भरता।
दरभंगा: बहादुरपुर स्थित बुनियाद केंद्र में शनिवार को 18 पात्र दिव्यांगजनों के बीच मोटराइज्ड ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तीकरण) आशीष अमन और बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से लाभुकों को ट्राई साइकिल सौंपी।

लाभुकों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के साथ उसके सुरक्षित एवं सुगम संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के उपयोग और संचालन की जानकारी दी गई, ताकि उन्हें आगे किसी तरह की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं, पेंशन और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए UDID कार्ड आवश्यक है। अधिकारियों ने पात्र दिव्यांगजनों से जल्द से जल्द UDID कार्ड बनवाने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तीकरण) आशीष अमन और उनके कार्यालय के कर्मियों ने संभाली।

