Home Featured 25% सरकारी तालाब गायब, 15% पर कब्जे का दावा; बंदोबस्ती वसूली पर भी उठे सवाल।

25% सरकारी तालाब गायब, 15% पर कब्जे का दावा; बंदोबस्ती वसूली पर भी उठे सवाल।

दरभंगा: जिले में सरकारी तालाबों के अस्तित्व, अतिक्रमण और मत्स्यजीवी समितियों से बंदोबस्ती राशि की वसूली को लेकर सवाल उठाए गए हैं। रविवार को शहर के वार्ड-40 स्थित बाकरगंज अभंडा में ‘तालाब बचाओ अभियान’ की बैठक में जिले के 16 प्रखंडों से पहुंचे मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने तालाबों की स्थिति पर चिंता जताई।

बैठक में प्रतिनिधियों ने दावा किया कि जिले के सभी प्रखंडों में करीब 25 प्रतिशत सरकारी तालाब अब अस्तित्व में नहीं हैं, जबकि लगभग 15 प्रतिशत तालाबों पर दबंगों का कब्जा है। इसके बावजूद मत्स्यजीवी समितियों से पिछले 15-20 वर्षों से बंदोबस्ती की राशि वसूले जाने का आरोप लगाया गया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे नालों को कई जगह आसपास के तालाबों से जोड़ दिया जाता है। इससे तालाबों में गंदा पानी पहुंचने के कारण जल प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से तालाबों का सीमांकन नहीं किए जाने से अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ रही है।

मखाना की गुड़ी की कीमत गिरने से किसान परेशान

बैठक में मखाना किसानों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि मखाना की गुड़ी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू नहीं होने से बड़े कारोबारी किसानों का शोषण कर रहे हैं।

प्रतिनिधियों के अनुसार पिछले वर्ष मखाना गुड़ी की कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपये प्रति क्विंटल थी, जो इस वर्ष घटकर 14 से 15 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। कीमतों में भारी गिरावट से मखाना किसान आर्थिक नुकसान और कर्ज के दबाव में आ गए हैं।

समस्याओं के दस्तावेजीकरण पर जोर

मत्स्यजीवी समाज के प्रतिनिधियों ने ‘तालाब बचाओ अभियान’ से प्रखंड स्तर पर सहनी समाज के साथ बैठकें आयोजित करने का आग्रह किया। साथ ही तालाबों, अतिक्रमण, बंदोबस्ती और मखाना किसानों से जुड़ी समस्याओं का दस्तावेजीकरण कर उन्हें प्रखंड, जिला और राज्य स्तर के अधिकारियों के समक्ष उठाने में सहयोग की मांग की गई। जरूरत पड़ने पर जनहित याचिका के माध्यम से भी कार्रवाई में मदद का अनुरोध किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में शिव कुमार सहनी ने तालाब बचाओ अभियान और उसके सदस्यों की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा मत्स्यजीवी समाज की समस्याओं को उठाने में सहयोग का आग्रह किया।

बैठक में अविनाश, धर्मेंद्र सहनी, विश्वनाथ सहनी, प्रमोद मुखिया, नरेंद्र मुखिया, बैद्यनाथ मुखिया, लालन मुखिया, शिवजी मुखिया, फूलो सहनी, त्रिवेणी मुखिया, शिवजी सहनी, राजेश कुमार सहनी, शत्रुघ्न सहनी, संतोष सहनी, लाल मुखिया और उपेंद्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

‘तालाब बचाओ अभियान’ की ओर से तासीम नवाब और अजीत कुमार मिश्र ने प्रखंड स्तर पर प्रस्तावित बैठकों और समस्याओं के दस्तावेजीकरण को लेकर सुझाव दिए। नारायण जी चौधरी ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

Share