
पीएम सूर्य घर योजना: दरभंगा में लोन कैंप, 28 उपभोक्ताओं ने भरा आवेदन।
दरभंगा: जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर प्रेक्षागृह में बैंकों ने विशेष लोन कैंप लगाया। इस कैंप का मकसद इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए पारदर्शी और त्वरित ऋण उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन से शुभारंभ हुआ। अधिकारियों ने बताया कि योजना को प्रभावी बनाने और ज्यादा लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए यह कैंप आयोजित किया गया। कैंप में कुल 28 उपभोक्ताओं ने ऋण के लिए आवेदन जमा किए, जिनकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ऋण दिए जाएंगे।

योजना में 1 किलोवाट पर 30,000, 2 किलोवाट पर 60,000 और 3 किलोवाट पर 78,000 रुपये तक सब्सिडी मिल रही है। जिले में अब तक 390 उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर प्लांट लग चुके हैं। यह योजना बिजली बिल घटाएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी।

जिला प्रशासन ने घरेलू उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डीएम ने अधिकारियों को व्यापक प्रचार और त्वरित निपटान के निर्देश दिए।
कैंप में अधीक्षण अभियंता विद्युत अजय कुमार, वरीय उपसमाहर्ता प्रियंका कुमारी, एलडीएम विकास कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार (शहरी), केशव कुमार (ग्रामीण), अमोद कुमार (बेनीपुर) समेत अन्य अधिकारी और वेंडर मौजूद थे।

