
टेंपो से 342 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोरो थाना क्षेत्र से 342 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेंपो को जब्त करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मोरो थाना क्षेत्र के बसुआरा, विशनपुर-अतरबेल रोड के समीप एक टेंपो की जांच की। तलाशी के दौरान टेंपो में परिवहन कर ले जाई जा रही 342 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।

मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त टेंपो को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


