
नशे से दूर रहने का 40 किशोरों ने लिया संकल्प, पांच अन्य बच्चों को नशामुक्त कराने का भी लिया जिम्मा।
दरभंगा: नशा मुक्ति अभियान के तहत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, मोरो में मंगलवार को जागरूकता अभियान सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। डॉ. रमण राजेश फाउंडेशन की पहल पर तरुण निदान मिशन के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के 40 किशोरों ने नशे से हमेशा दूर रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यह भी संकल्प दिलाया गया कि वे अपने आसपास के कम से कम पांच ऐसे बच्चों को नशे से दूर करने का प्रयास करेंगे, जो किसी न किसी रूप में नशे के संपर्क में आ चुके हैं। वहीं, नशे की गिरफ्त में आ चुके कुछ बच्चों ने भी स्वयं नशा छोड़ने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए नशे के दुष्परिणामों और इससे बचने के उपायों पर चर्चा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोरो थानाध्यक्ष ने भी बच्चों से संवाद किया और उन्हें नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। उनका संवाद बच्चों के लिए प्रेरणादायी रहा।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। बच्चों के प्रति विद्यालय परिवार के समर्पण की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने में शिक्षण संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के सहायक शिक्षक डॉ. रमण राजेश ने कार्यक्रम का संचालन किया। वहीं, विद्यालय के वरीय शिक्षक शंभू सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग से सेवानिवृत्त वीरेंद्र जी तथा डॉ. रमण राजेश फाउंडेशन के निदेशक सुमन सर ने बच्चों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे की गिरफ्त में जाने से रोकें।
जागरूकता अभियान सह संगोष्ठी में फाउंडेशन की सचिव श्रीमती कविता कुमारी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के लिए तैयार करना रहा।

