
शहर के 29 केंद्रों पर सम्पन्न हुई बीएड प्रवेश परीक्षा, कुलपति स्वयं लेते रहे केंद्रों का जायजा।
दरभंगा: बिहार संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शहर के 29 केंद्रों पर सम्पन्न हो गयी। हालांकि बारिश एवं जलजमाव के कारण परीक्षार्थियों को कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ा। परीक्षा समाप्ति उपरांत कई परीक्षार्थी बारिश में भींगते हुए अपने गंतव्य की तरफ जाते दिखे।
परीक्षा के दौरान शहर के कई परीक्षा केंद्रों का ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं कुलसचिव प्रोफ़ेसर मुस्ताक अहमद के साथ प्रवेश परीक्षा को लेकर राजभवन से आए विशेष पर्यवेक्षक कमलेश सिन्हा ने भी भ्रमण कर जायजा लिया।
सभी केंद्राधीक्षकों के साथ साथ जिला एवं पुलिस पदाधिकारी शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन के लिए तत्पर दिखे। परीक्षा के लिए शहर में कुल 11 उड़नदस्ता बनाए गये थे जो लगातार प्रत्येक केंद्र का जायजा लेते रहे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र और विश्वविद्यालय के बीच समन्वय स्थापित कर परीक्षा संचालन में सहयोग करने केलिए विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्थाई पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गयी थी।
इसके अलावा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा में सहयोग केलिए जिला प्रशासन की ओर से भी प्रत्येक केंद्र पर एक एक स्थाई दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये थे। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में आरक्षी बल मौजूद दिखे।
बताते चलें कि शहर के 29 परीक्षा केंद्रों में 14 महिलाओं एवं 15 पुरुषों के लिए बनाये गए थे। महिला और पुरुष के
लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गये। इन केंद्रों पर कुल 13,349 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमे 6201 महिला एवं 7148 पुरुष अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा 11 बजे से आरंभ हुई और एक बजे समाप्त हुई।
परीक्षा केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य किया गया था। अभ्यर्थी मास्क लगाकर परीक्षा केंद्र पर प्रवेश कर रहे थे। कई अभ्यर्थी सैनिटाइजर की छोटी बोतल भी अपने हाथों में लिए दिखे। वैसे, केंद्रों पर भी सैनिटाइजर की व्यवस्था मौजूद थी।

