
नदी में बाइक समेत तीन युवक गिरे, दो अभी भी लापता।
दरभंगा: हवाई अड्डा के निकट तीन दोस्तों के बाइक सहित नदी में गिर जाने का एक बड़ा हादसा सामने आया है। एक की जान बच गयी, पर शेष दो अभी भी लापता हैं।
दरअसल तीस भवरा पुल हवाईअड्डा के पास बुधवार की रात करीब 10.30 बजे संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार कादिराबाद के तीन दोस्त चंदन साह, पिंकू और राजन हवाई अड्डा के पास से गुजरने वाली नदी की धारा में बाइक सहित गिर गए। बाइक पर सबसे पीछे बैठे राजन तो जैसे-तैसे तैर कर बाहर आ गया। लेकिन चंदन साह और पिंकू बाहर नहीं निकल सके। बाहर निकल कर राजन ने सड़क पर पहुंच कर शोर मचाया।
कुछ अगल-बगल के लोग जमा हुए, लेकिन देर रात होने के कारण बाइक व दोनों लापता युवकों का पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह तीस भवरा पुल के पास स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए एनएच 527 बी को जाम कर नदी से लाश निकाले जाने की मांग करने लगे। बाद में एनडीआरएफ की टीम के घटना स्थल पर पहुंचने के बाद जाम समाप्त हो सका। एनडीआरएफ टीम के सघन प्रयास से नदी से बाइक निकाली जा सकी। लेकिन बाइक बरामद स्थल के आसपास लाश नहीं मिली। घटना स्थल पर मौजूद केवटी थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि जाम समाप्त हो गया है। घटनास्थल मब्बी थाना क्षेत्र की है। मब्बी पुलिस जांच में लगी है। घटनास्थल पर अन्य थाना की पुलिस भी सहयोग में लगी है।
बाद में घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार बाइक चला रहे चंदन साह का ससुराल केवटी थाना क्षेत्र के ननौरा गांव में है। बीती रात वह अपने दो दोस्तों के संग कादिराबाद से ननौरा जा रहा था कि यह दुर्घटना हो गई। शाम 6 बजे पूछने पर केवटी थानाध्यक्ष ने बताया कि आज लाश नहीं मिल सकी, अब कल फिर लाश ढूंढने का अभियान चलाया जाएगा।

