Home मुख्य नदी का जलस्तर घटने के बाद सातवें दिन शुरू हुआ समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन।
मुख्य - September 6, 2021

नदी का जलस्तर घटने के बाद सातवें दिन शुरू हुआ समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन।

दरभंगा: सोमवार की शाम से एकबार पुनः समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया। इस खबर से इस रूट के यात्रियों ने चैन की सांस ली, क्योंकि उन्हें अधिक किराया खर्चा कर समस्तीपुर या मुजफ्फरपुर जाकर ट्रेन पकड़ना पड़ता था।

दरअसल, हायाघाट व थलवारा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित मुंडा रेल पुल के पास बागमती (करेह) नदी का जलस्तर सोमवार को घटकर 46.83 मी. पर आ गया। अब इस पुल के गार्डर से पानी नीचे उतर चुका है। इस वजह से पुल पर पानी का दबाव भी कम हो गया है। पुल पर पानी का दबाव बढ़ने से पिछले 31 अगस्त को रेलवे ने ट्रेनों का परिचालन स्थगित कर दिया था। रेलवे की टेक्निकल टीम की ओर से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद सोमवार की दोपहर 13:08 बजे समस्तीपुर की ओर से एक लोडेड मालगाड़ी को मुंडा पुल से पास कराया गया। माल ट्रेन पुल से सुरक्षित निकल गयी। इसके साथ ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन एक बार फिर शुरू हो गया है।

दरभंगा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परिचालन स्थगन के बाद सोमवार की शाम पहली ट्रेन के रूप में स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट नई दिल्ली के लिए हायाघाट के रास्ते रवाना हुई। उन्होंने कहा कि इस रेलखंड पर सोमवार की शाम 5:05 बजे से ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है। अब सभी ट्रेनें पूर्ववत चलेंगी।

Share