
भरवाड़ा में स्तन गांठ और सर्वाइकल कैंसर जांच के लिए कार्यक्रम का आयोजन।
दरभंगा: जिला स्वास्थ्य समिति व होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के सौजन्य से मंगलवार को नगर पंचायत भरवाड़ा में स्थित बारात भवन परिसर में गैर संचारी रोग की स्क्रीनिंग एंव कैंसर खासकर महिलाओं में होने वाले स्तन, मुंह व गर्भाशय कैंसर की जांच की गई। निवर्तमान मुखिया आरती देवी व पैक्स अध्यक्ष अवधेश कुमार साह की देखरेख में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्क्रीनिंग कराई।
इस दौरान जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग की साइकोलॉजिस्ट कंचन सोनी ने तंबाकू पदार्थों का सेवन करने से होने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. ग्रीष्मा व डॉ. गुलनार अख्तर ने कैंसर के बारे में महिलाओं को जागरूक कर उनकी जांच की। टीम में गौतम कुमार झा व सरिता भी शामिल थे। मौके पर डॉ. ग्रीष्मा ने बताया कि बिहार में लोगों में सबसे अधिक मुंह का कैंसर है। इसके बाद महिलाओं में गर्भाशय के मुख का कैंसर व स्तन कैंसर सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिवर्ष औसतन 1.56 लाख महिलाएं स्तन कैंसर से पीड़ित होती हैं। इसमें लगभग 76 हजार महिलाओं की मौत हो जाती है।
जबकि गर्भाशय के मुख का कैंसर से 1.32 लाख महिलाएं पीड़ित होती हैं। इनमें से 63 हजार की मौत हो जाती है। वहीं तंबाकू सेवन से 2.5 लाख लोग प्रतिवर्ष कैंसर का शिकार होते हैं। इनमें करीब 22 सौ लोगों की मौत हो जाती है। इस आंकड़े में ज्यादातर संख्या बिहार से होती है। इसलिए यहां शुरुआती लक्षण की जांच और जागरूकता जरूरी है। जागरूक होने पर ही कैंसर से निजात मिल सकती है।

