
सहकारी समिति द्वारा सब्जी रैक प्वाइंट का किया गया उद्घाटन।
दरभंगा: प्रखंड सब्जी उत्पादक सहकारी समिति की ओर से प्रखंड क्षेत्र के सनहपुर श्याम चौक पर सब्जी बेचने वाले किसानों के लिए सब्जी के रैक प्वाइंट का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन करते हुए सीईओ मो. अहमद हयात बर्क ने उपस्थित किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सब्जी के उत्पादन होने के बाद किसान रैक प्वाइंट पर सब्जी आसानी से एकमुश्त भेज सकते हैं।
अध्यक्ष मानवेंद्र कुमार ने सब्जी उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सभी तरह के मदद दिलाने का भरोसा दिया। किसानों ने जंगली सूअर, नीलगाय एवं बंदर के प्रकोप से घट रही सब्जी की खेती के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी। प्रखंड सहकारिता अधिकारी मिथिलेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में दरभंगा के सहकारिता अधिकारी विजय प्रकाश ने प्रखंड सब्जी उत्पादक सहकारी समिति के कार्य के संबंध में विस्तार से बताया।
रैक प्वाइंट पर किसानों से एकमुश्त खरीदी गई सब्जी को विभिन्न पंचायतों में उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की भी बात की गई। प्रखंड अध्यक्ष मो. सोहैल अख्तर, सचिव भवेश कुमार झा, उपाध्यक्ष पवन कुमार की देखरेख में 11 सदस्यीय कार्य समिति का गठन हुआ। वहीं इस दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित राइस मिल का भी निरीक्षण किया एवं इसे चालू करने के लिए कई तरह के निर्देश दिए।

