Home Featured डीडीसी ने की कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा।
Featured - मुख्य - October 9, 2021

डीडीसी ने की कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा।

दरभंगा: उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में शनिवार को उनके कार्यालय कक्ष में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अधिकतर प्रखंड के पदाधिकारियों व कर्मियों द्वारा यह प्रतिवेदित किया जा रहा है कि प्रथम डोज के लिए लाभुक नहीं मिल रहे हैं। लगभग सभी को प्रथम डोज का टीका लग चुका है।

डीडीसी ने 15 अक्टूबर तक इस आशय का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को ले जीविका के बीपीएम, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने देय सूची के अनुसार लगभग एक लाख 75 हजार लोगों को दूसरे डोज का टीका तेजी से लगवाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जब देय सूची के अनुसार प्रत्येक प्रखण्ड में पांच से 10 हजार लोगों को दूसरे डोज का टीका लगना है तो फिर टीकाकरण क्यों नहीं हो रहा है। इसका मतलब यह है कि भ्रमण टीका दल द्वारा ठीक से काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रखंड स्तर पर बने कंट्रोल रूम से प्रत्येक दो घंटे पर सभी भ्रमण टीकाकरण दल से फीडबैक लेते रहने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि टीकाकरण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पंडालों में भी टीकाकरण करवाया जाएगा।

बैठक में सहायक समाहत्र्ता अभिषेक पलासिया, सिविल सर्जन डा. अनिल कुमार, डीआरडीए निदेशक अभिषेक रंजन, डीपीएम हेल्थ विशाल कुमार के अलावा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बीपीएम व अन्य आनलाइन जुड़े थे।

Share