
शराबबंदी को पूर्णतः लागू करने केलिए जिला प्रशासन कसी कमर।

दरभंगा: जहरीली शराब से लगातार हो रही मौत के साथ शराबबंदी कानून पर उठ रहे सवाल पर इस कानून की समीक्षा नहीं, बल्कि इसे सख्ती से लागू करने की मंशा सरकार की स्पष्टत रूप से दिख रही है। इसी को लेकर दरभंगा में भी जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है।
इसी अभियान के तहत सोमवार को शराब तथा जहरीली शराब पर पूर्णत: नियंत्रण केलिए पुन: मिथिला क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार की उपस्थिति में जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम द्वारा जिले के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकीदार तथा दफादार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गयी।

बैठक को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा भी संबोधित किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा इस बात पर बल दिया गया कि बिना ग्रामीण चौकीदारों एवं दफादारों की जानकारी के क्षेत्र में कोई भी शराब या जहरीली शराब का कारोबार नहीं कर सकता है। इसलिए सर्वप्रथम किसी भी क्षेत्र में शराब या जहरीली शराब की बरामदगी या शराब से संबंधित कोई घटना घटती है, तो उसके लिए सीधे-सीधे चौकीदार एवं दफादार को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी और यदि उनका नाम कारोबार के संलिप्तता में पाया जाएगा, तो उन पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जाएगी।

उसी प्रकार यदि राज्य स्तरीय अथवा जिला स्तरीय टीम द्वारा किसी थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान शराब अथवा जहरीली शराब पाया जाएगा तो सीधे-सीधे थानाध्यक्ष दोषी माने जाएंगे एवं तदनुसार उन पर भी निलंबन अथवा बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सरकार शराब अथवा जहरीली शराब के अवैध कारोबार को किसी भी हालत में अब बर्दाश्त नहीं करने जा रही है एवं स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा इस पर लगातार समीक्षा की जा रही है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अंचलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी को आगामी छठ महापर्व के अवसर पर गत बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही काली पूजा के सभी मूर्तियों का विसर्जन छठ पूजा के पूर्व प्रशासन की निगरानी में करवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद, सदर अनुमण्डल पदाधिकारी स्पर्श गुप्ता, सदर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण नन्दन कुमार, वरीय उप समाहर्त्ता सत्यम सहाय एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

