
हायाघाट में केवल तीन निवर्तमान मुखिया ही बचा सके अपनी सीट।
दरभंगा: पंचायत चुनाव के परिणामों में हर चरण में जनता ने परिवर्तन का मूड दिखाया है। 6 छठे चरण की मतगणना में शनिवार को हायाघाट के पंचायत चुनाव में भी मतदाताओं ने 12 में से नौ निवर्तमान मुखियों को पटकनी देकर नए मुखियों पर भरोसा जताया है। हालांकि तीन निवर्तमान मुखिया अपनी प्रतिष्ठा बचाने सफल हुए हैं।
चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो पतोर, पौराम एवं घोषरामा जैसी अगड़ी जाति बहुल समेत मल्हीपट्टी दक्षिणी जैसे अनारक्षित पंचायतों में दलित एवं पिछड़ों ने एकजुटता दिखाते हुए अपना पताका फहराया है। पतोर जैसे भूमिहार बहुल पंचायत से लगातार दो बार से निर्वाचित होते आ रहे अवनीश कुमार को फेकन पासवान ने पटकनी दे दी है। इसी तरह ब्राह्मण बहुल पौराम पंचायत (अनारक्षित महिला) में अति पिछड़ा वर्ग की उषा अकेला ने निवर्तमान मुखिया पार्वती देवी को पराजित कर अपना सिक्का जमाया है। उषा अकेला के पति प्रदीप कुमार अकेला शिक्षक हैं और समाजसेवा में लगे रहते हैं।

इधर, राजपूत बहुल घोषरामा पंचायत (अनारक्षित महिला) में पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों ने आसिया परवीन पर भरोसा जताते हुए निवर्तमान मुखिया रूबी सिंह को नकार दिया। मल्हीपट्टी दक्षिणी पंचायत (अनारक्षित) के मतदाताओं ने जदयू के दलित नेता डॉ. रामप्रवेश पासवान के बड़े भाई रामस्वरूप पासवान पर भरोसा कर निवर्तमान मुखिया लालबाबू को दुबारा सेवा का मौका नहीं दिया।

उधर, ब्राह्मण बहुल पंचायत आनंदपुर सहोड़ा (अनारक्षित) से हैट्रिक लगाने वाले निवर्तमान दलित मुखिया विजय पासवान को इस मर्तबा मतदाताओं ने नकारते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सियाराम चौधरी के पुत्र कृष्णकांत चौधरी उर्फ रमण पर भरोसा जताया है। यह पांचों परिणाम काफी चौंकाने वाले हैं।
बहरहाल इसके अलावा अच्छे काम करने वाले तीन निवर्तमान मुखियों पर भी जनता ने दोबारा भरोसा जताया है। श्रीरामपुर पंचायत के निवर्तमान मुखिया बबलू ठाकुर, मिर्जापुर के मुखिया राजकुमार चौधरी एवं चन्दनपट्टी पंचायत की निवर्तमान मुखिया ललिता देवी को जनता ने दोबारा सेवा का मौका दिया है।

मझौलिया पंचायत की निवर्तमान मुखिया तारिणी देवी ने खुद न लड़कर अपनी बहू को मैदान में उतारा था। इसके अलावा पूर्व मुखिया गुरुकुन बाबा ने भी अपनी पत्नी मीरा देवी को खड़ा किया, लेकिन जनता ने दोनों को नकारते हुए पूर्व सरपंच ममता देवी को मुखिया पद पर बिठा दिया।
मल्हीपट्टी उत्तरी में पूर्व मुखिया स्व. सैफुल्ला खां की पुत्रवधू तथा पूर्व मुखिया सनाउल्ला खां की पत्नी एवं जाप के जिलाध्यक्ष मुन्ना खां की सरहज शबाना खानम ने निवर्तमान मुखिया शैल देवी से कुर्सी छीनकर अपनी पारिवारिक विरासत को फिर से संभाल लिया है। रसूलपुर पंचायत में निवर्तमान मुखिया मरियम खातून को जनता ने नकारकर नाजदा खातून को अपनाया है। इसी तरह सिधौली पंचायत में मतदाताओं ने नागेश्वर दास पर भरोसा जताते हुए निवर्तमान मुखिया महेंद्र राम को नकार दिया है। नागेश्वर आईजी कार्यालय के सामने चाय की दुकान चलाते हैं।

