Home Featured क्षेत्र में शराब की बरामदगी होने पर चौकीदार एवं थानाध्यक्ष माने जाएंगे जिम्मेवार।
Featured - मुख्य - November 13, 2021

क्षेत्र में शराब की बरामदगी होने पर चौकीदार एवं थानाध्यक्ष माने जाएंगे जिम्मेवार।

दरभंगा: प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को शराबबंदी को लेकर दरभंगा प्रमंडल के तीन जिलों दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक मिथिला क्षेत्र के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में जिलावार शराबबंदी के तहत की गई छापेमारी, गिरफ्तारी एवं संपत्ति राज्यसात करने की कार्रवाई की जानकारी संबंधित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से ली गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शराबबंदी अभियान के अंतर्गत लगातार छापेमारी जारी है। चौकीदार एवं थाना प्रभारी को अलर्ट किया गया है। यदि उनके क्षेत्र में शराब की बरामदगी होती है तो उन्हें जिम्मेवार माना जाएगा।

Advertisement

दरभंगा के अधीक्षक, मद्य निषेध ने बताया कि जिले में शराब से किसी की मृत्यु नहीं हुई है। जिले में शराबबंदी अभियान के अंतर्गत लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 12 नवंबर को 1012 निर्धन अनुसूचित जाति-जनजाति के वैसे परिवार जो शराब एवं ताड़ी के व्यवसाय से जुड़े थे, उन परिवारों को सतत जीविकोपार्जन योजना से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

मधुबनी डीएम ने बताया कि मधुबनी जिले में शराब से किसी व्यक्ति की मृत्यु अभी तक नहीं हुई है। देसी शराब एवं ताड़ी के उत्पादन एवं बिक्री में लगे हुए निर्धन एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति के 5195 व्यक्तियों को सतत जीविकोपार्जन योजना से जोड़कर लाभांवित किया जा रहा है।

Advertisement

समस्तीपुर जिला के संबंध में बताया कि विगत दिनों में पटोरी थाना अंतर्गत शराब से जुड़े संदिग्ध मामले में सात व्यक्तियों को स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं उत्पन्न हुई थी। इलाज के दौरान उन लोगों की मृत्यु हो गई। मृतकों के पोस्टमार्टम तथा बेसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण का पता लग सकता है। उक्त घटना के आलोक में पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र द्वारा पटोरी थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, अवर निरीक्षक, मद्यनिषेध समस्तीपुर को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के लिए प्रपत्र क में आरोप गठित कर विभागीय कार्रवाई हेतु विभाग को भेजा गया है। संबंधित चौकीदार के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त ने सभी को शराबबंदी अभियान के अंतर्गत लगातार छापेमारी करने एवं शराब धंधेबाजों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर आयुक्त के सचिव देवेंद्र प्रसाद तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share