
जज पर हमले के आरोपित दोनों पुलिसकर्मी डीएमसीएच में भर्ती, चल रहा इलाज।
दरभंगा: मधुबनी के झंझारपुर व्यवहार न्यायालय के ADJ अविनाश कुमार पर गुरुवार को हुए हमले में आरोपित दोनों पुलिसकर्मी दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) में भर्ती हो गए हैं। यहीं दोनों का फर्द बयान लिया जाएगा। देर रात FIR दर्ज होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को पहले मधुबनी सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें DMCH रेफर कर दिया गया।
इस मामले में ADJ द्वारा दर्ज कराई गई FIR में मधुबनी SP पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि इसे लेकर मधुबनी SP डॉ सत्य प्रकाश आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। साथ ही पुलिस एसोसिएशन के प्रांतीय और जिला के पदाधिकारी भी मीडिया से बात करेंगे।

कोर्ट में DGP को देनी होगी सफाई, मधुबनी SP की भी बढ़ेंगी मुश्किलें
जज पर हमले में क्या होगा आरोपी पुलिसवालों का
जानकारों का कहना है कि मधुबनी कांड बिहार पुलिस पर भारी पड़ने वाला है। जज पर हमला करने वाले दोनों दारोगा की नौकरी जाएगी और SP को भी प्रोसेडिंग से गुजरना होगा। DGP भी इस मामले में नहीं बच सकते हैं, उन्हें भी कोर्ट में बिहार पुलिस की तरफ से सफाई देनी होगी। इसीलिए DGP चाहेंगे कि 29 नवंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले विभागीय कार्रवाई हो जाए।

वहीं, सरकार SP को हटाकर मामले को ठंडा करने का प्रयास करेगी, लेकिन हाईकोर्ट की सख्ती बता रही है कि जज पर हमले का गंभीर मामला एक्शन के लिए नजीर बनेगा।
गुरुवार को हुआ था जज पर हमला
गुरुवार को ADJ प्रथम अविनाश कुमार पर उनके चैंबर में घुसकर घोघरडीहा थाने के दो पुलिस पदाधिकारियों SHO गोपाल प्रसाद यादव और SI अभिमन्यु शर्मा ने हमला कर दिया था। इसमें ADJ बुरी तरह जख्मी भी हो गए।

उन्होंने अपनी FIR में कहा है कि SHO और SI ने उनके साथ पहले अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान थानाध्यक्ष ने अपनी रिवाल्वर निकालकर जज पर तानते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे डाली।

