
कुशेश्वरस्थान में बाढ़ की समस्या के निदान काे लेकर मंत्री संजय झा ने की बैठक।
दरभंगा: जल संसाधन, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के मंत्री संजय कुमार झा एवं डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में कुशेश्वरस्थान प्रखंड के निर्मल पैलेस में बाढ़ की समस्या का निदान को लेकर संबंधित विभाग के अभियंताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सर्वप्रथम कमला नदी में जमे गाद (सील्ट) की सफाई की कार्ययोजना की कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, झंझारपुर की ओर से पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया गया।
मंत्री द्वारा सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों से, आत्मा के परियोजना निदेशक, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग बेनीपुर से वार्ता कर उनके विभाग की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

बैठक में कृषि वैज्ञानिकों की ओर से बताया गया कि जिन खेतों में 3 फीट से 6 फीट तक जल-जमाव हो जाता है, वहां सूरजमुखी, मखाना एवं सिंघाड़ा की खेती की जा सकती है। इसके लिए संबंधित किसानों को प्रेरित किया जा सकता है। बैठक में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति की समस्या पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक के बाद मंत्री, डीएम, दरभंगा एवं विधायक कुशेश्वरस्थान द्वारा संबंधित अभियंताओं के साथ मध्य विद्यालय हरौली के समीप कमला नदी में जमे गाद(सिल्ट) का स्थल निरीक्षण किया गया। बैठक में कुशेश्वरस्थान के विधायक अमन भूषण हजारी, अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी, बिरौल संजीव कुमार कापर, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, बिरौल, वरीय उप समाहर्त्ता सत्यम सहाय, बीडीओ, सीओ एवं संबंधित अभियंता उपस्थित थे।

