Home Featured ईलाज के लिए दिल्ली गए रिटायर्ड बैंक कर्मी के घर चोरी।
Featured - मुख्य - December 11, 2021

ईलाज के लिए दिल्ली गए रिटायर्ड बैंक कर्मी के घर चोरी।

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी सागर रोड नंबर 7 गली नम्बर 2 में बैंक ऑफ बड़ौदा के रिटायर्ड अधिकारी अनिल शेखर दास के घर चोरों ने बीती रात भीषण चोरी कर आस-पास के लोगों को दहशत में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार अनिल शेखर दास अपने हार्ट की बाईपास सर्जरी कराने के लिए कुछ दिन पहले पूरे परिवार से साथ दिल्ली गए हैं।

आज ही यानी शनिवार को उनके हार्ट का ऑपरेशन होना है। इस बीच चोरों ने बंद घर देखकर उन्हें यहां ताला तोड़ चार कमरों में रखे अलमीरा और दीवान में से सारा बेस कीमती सामान ले उड़े। यह घटना दो मंजिले मकान के दूसरे तल्ले पर हुई और आसपास के लोगों को कानों कान भनक तक नहीं लग सकी। घटना की सूचना पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। हालांकि घर के किसी व्यक्ति के मौजूद नहीं रहने की वजह से कितने की चोरी हुई है, इसका सही-सही आकलन नहीं हो पा रहा है।

Advertisement

उधर, जांच के लिए पहुंचे सदर थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज शशि कांत सिंह ने बताया कि चोरों ने बंद घर में चोरी कर ली है। घर का कुछ सामान बिखरा पड़ा है। ताले टूटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सूचना के बाद वे लोग जांच करने पहुंचे हैं। लेकिन घर का कोई सदस्य यहां मौजूद नहीं है।

लक्ष्मीसागर रोड नंबर 7 के स्थानीय निवासी रवि कुमार और मनीषा ने कहा कि घर के मालिक पिछले कुछ दिनों से इलाज के लिए दिल्ली में हैं।

Advertisement

इस बीच चोरों ने बीती रात घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। उन्होंने कहा कि रोड नंबर 6 और 7 नशेड़ियों, जुआरियों और चोर-उचक्कों का अड्डा बन चुका है। यहां पुलिस की गश्ती नहीं होती है। जिसकी वजह से अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

Share