
एनटीपीसी परीक्षा से जुड़ी शंकाओं के संबंध में छात्रों से बात करने दरभंगा पहुंची रेलवे की कमेटी।
दरभंगा: रेलवे की गैर तकनीकी श्रेणी (एनटीपीसी) परीक्षा से जुड़ी शंकाओं के संबंध में छात्रों से बात करने गुरुवार को रेलवे की हाई लेवल कमेटी दोपहर बाद दरभंगा पहुंची। इस उच्चाधिकार समिति में अध्यक्ष के रूप में रेलवे बोर्ड में कार्यरत प्रधान कार्यकारी निदेशक (औद्योगिक संबंध) दीपक पीटर, सदस्य सचिव के रूप में रेलवे बोर्ड में कार्यरत कार्यकारी निदेशक स्थापना (आरआरबी) राजीव गांधी व सदस्य के रूप में तीन अधिकारी शामिल थे।
इनमें पश्चिम रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) आदित्य कुमार एवं रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता थे। हाई लेवल कमेटी ने यहां हराही स्थित रेलवे के होलीडे होम में पहुंचकर छात्रों से बात की। हालांकि छात्रों को इसकी पूर्व सूचना नहीं थी, इससे छात्र काफी कम संख्या में उपस्थित थे। उन छात्रों को भी अधिकारियों का काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

मालूम हो कि रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा गत 14-15 जनवरी को जारी गैर तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी) की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना के प्रथम चरण कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी-1) के परिणामों के संबंध में उम्मीदवारों द्वारा उठाई गई चिंताओं और शंकाओं पर विचार करने के लिए इस उच्चाधिकार समिति का गठन किया गया है। उम्मीदवारों को अपनी शिकायतों को प्रस्तुत करने के लिए 16 फरवरी तक का समय दिया गया है। समिति इन शिकायतों की जांच करने के बाद चार मार्च तक अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।

उम्मीदवार अपनी चिंताओं और सुझावों को अन्य माध्यमों के साथ-साथ ई मेल से भी समिति को भेज सकते हैं। इसके अलावा एनटीपीसी सीबीटी-1 के परिणाम से जुड़ी छात्रों की शंकाओं व सुझावों को प्राप्त करने के लिए पूर्व मध्य रेल के मंडलों आदि में आउटरीच कैंप खोला गया है। अभ्यर्थी इस कैंप में भी अपनी शिकायतों व सुझावों को दर्ज करा सकते हैं।

