
491 बोतल विदेशी शराब के साथ टाटा सफारी कार को किया गया जब्त।
दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर उच्च पथ-27 पर छापेमारी कर सिमरी पुलिस ने 491 बोतल विदेशी शराब के साथ टाटा सफारी कार को जब्त कर लिया। कार पर सवार चार तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब की खेप को दिल्ली से दरभंगा लाया जा रहा था।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि गूप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। सूचना मिली थी कि उजले रंग की टाटा सफारी पर भारी मात्रा में शराब मुजफ्फरपुर की ओर से दरभंगा की तरफ आ रही है। सत्यापन को लेकर दो फरवरी की रात एनएच पर चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस जीप को देखकर टाटा सफारी भागने लगा।
इस क्रम में कुवरपट्टी के पास उसे ओवरटेक कर पकड़ लिया गया। सफारी पर सवार चार लोगों में तीन साउथ दिल्ली के दीनपुर थाने के छावला निवासी चालक विशाल कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, तेजवीर कुमार तथा उत्तरप्रदेश इटावा के लवेदी थाने के ग्राम बहादुरपुर सांवला निवासी राजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

सफारी की तलाशी करने पर यूपी निर्मित 750 एमएल की ओल्ड मोंक विदेशी शराब 238 बोतल व ऑफिसर च्वाइस 750 एमएल की 253 बोतल जब्त की गयी है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त सफारी के ऑनर का पता लगाने के लिए डीटीओ को प्रतिवेदन भेजा है। चारों शराब तस्करों से पूछताछ की जा रही है कि दरभंगा में शराब किसको डिलेवरी देनी थी। इनसे मिली जानकारी के अनुसार अन्य जगहों पर छापेमारी की जा रही है।

