Home Featured बाल गृह परिसर के दीवार को ऊंचा करने के लिए जिलाधिकारी ने दिए निर्देश।
Featured - मुख्य - February 19, 2022

बाल गृह परिसर के दीवार को ऊंचा करने के लिए जिलाधिकारी ने दिए निर्देश।

दरभंगा: जिलाधिकारी राजीव रौशन ने भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया है बाल गृह परिसर की दीवार को ऊंचा कर तार लगाने का काम कराया जाए। इस सिलसिले में भवन निर्माण विभाग को तत्काल आदेश जारी करने को कहा है। कचरा उठाव जैसी समस्या को लेकर नगर निगम को निदेशित करने तथा अगली बैठक में उन्हें शामिल करने का भी निर्देश दिया है।

कोविड-19 से मरे लोगों के बच्चों को संरक्षण के लिए चिकित्सा विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग से समन्वय बनाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा आपदा एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा गृह में आवासित किशोरों को प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं आपदा से बचाव के लिए प्रशिक्षण दिलाने की बात कही।

Advertisement

डीएम ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आइसीडीएस) को परवरिश योजना में तेजी लाने एवं बाल संरक्षण समिति की बैठक प्रखंडवार नियमित रूप से करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बाल कल्याण समिति, चाइल्ड लाइन आदि से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

वो शनिवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर सभागार में स्वयं व जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति, मानव व्यापार विरोधी समिति, चाइल्ड लाइन एडवाइजरी बोर्ड व बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

Advertisement

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग से आरटीई के तहत कमजोर वर्ग के लिए 25 प्रतिशत आरक्षण से संबंधित रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा जिला परिषद अध्यक्ष को देने का निदेश दिया। साथ ही बाल गृह के बच्चों व अन्य कमजोर वर्ग के बच्चों का नामांकन निजी स्कूलों मे सुनिश्चित करने को कहा।

मौके पर बाल संरक्षण से संबंधित जिले के विभिन्न स्टेक होल्डर्स के साथ मैराथन बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उनमें किशोर न्याय परिषद में मामलों की स्थिति, बाल कल्याण समिति, पर्यवेक्षण गृह, बाल गृह, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के कार्यों पर विचार शामिल रहा। इसके अलावा गैर संस्थागत परवरिश योजना, बाल सहायता योजना, पीएम केयर्स फंड, प्रायोजन एवं देखरेख, स्ट्रीट चिल्ड्रेन योजना आदि के साथ-साथ पुलिस विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा आदि के साथ समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का संचालन करते हुए जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक नेहा नुपूर ने जिलाधिकारी को पर्यवेक्षण गृह, बाल गृह परिसर की सुरक्षा व परिसर के बाहरी दीवार का अतिक्रमण, कचरा उठाव की व्यवस्था आदि से अवगत कराया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सचिव विधिक सेवा प्राधिकार जावेद आलम, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, उपाधीक्षक, डीएमसीएच., पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अमित कुमार, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई नेहा नुपूर, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमार, डीपीओ (आईसीडीएस), बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष व सभी सदस्य, किशोर न्याय परिषद के सदस्य, चाईल्ड लाईन की टीम तथा विभिन्न गृहों के कर्मी मौजूद थे।

Share