
एडीपी योजना के अंतर्गत दिव्यांगो के बीच सहायक उपकरण का किया गया वितरण।
दरभंगा: बुनियाद केंद्र बहादुरपुर व समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास, दिव्यांगजन सशक्तीकरण केंद्र (सीआरसी) पटना व जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, दरभंगा के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को कार्यक्रम हुआ। इसमें दिव्यांगजनों के बीच बुनियाद केंद्र, बहादुरपुर में भारत सरकार की एडीपी योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण वितरित किया गया।
उद्घाटन समारोह में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग नेहा कुमारी, बहादुरपुर बीडीओ अलख निरंजन, सीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक सज्जन कुमार, जिला प्रबंधक गिरीश मोहन शरण, प्रखंड प्रमुख तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र द्वारा प्रदत्त नि:शुल्क चश्मा व श्रवण यंत्र इत्यादि उपकरणों का वितरण मंत्री मदन सहनी ने किया।

मंत्री ने कहा कि बुनियाद केंद्र के सभी तकनीकी कर्मी अत्यंत दक्ष हैं जबकि निजी रूप से क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टरों से सेवा लेना महंगा होता है। बुनियाद केंद्र द्वारा नि:शुल्क फिजियोथेरेपी, आंख जांच एवं चश्मा वितरण, कान जांच एवं श्रवण यंत्र का वितरण एवं सहायक उपकरणों का वितरण बुनियाद केंद्र के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व लाभार्थियों से अनुरोध किया कि बुनियाद केंद्र का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करें तथा अधिक से अधिक लाभुक लाभ उठाएं। शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, छड़ी, कृत्रिम अंग आदि दिये गए।

