Home Featured तीन महीने में दरभंगा कलेक्ट्रेट पूरी तरह हो जाएगा पेपरलेस : मंत्री।
Featured - मुख्य - February 21, 2022

तीन महीने में दरभंगा कलेक्ट्रेट पूरी तरह हो जाएगा पेपरलेस : मंत्री।

दरभंगा:  कलेक्ट्रेट दो-तीन माह में पेपरलेस हो जाएगा। पेपरलेस होने वाला यह सूबे का दूसरा कलेक्ट्रेट होगा। अभी प्रयोग के तौर पर दरभंगा कलेक्ट्रेट के एक सेक्शन को पेपरलेस कर दिया गया है। बाकी बचे हुए सभी सेक्शन को अगले दो-तीन महीनों में पेपरलेस कर दिया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को सहरसा से पटना लौटने के क्रम में बिहार सरकार के आईटी विभाग के मंत्री जीबेश कुमार ने फोन पर बातचीत के क्रम में दी।

मंत्री ने बताया कि इस काम के लिए धीरे-धीरे स्टाफ को ट्रेंड करना है, उन्हें डिजिटल सिग्नेचर में माहिर बनाना है। उनकी हैंडलिंग को ईजी बनाना है। यह सब प्रक्रिया करते-करते दो से तीन महीने लग जाएंगे। मंत्री ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि दो से तीन महीने में दरभंगा कलेक्ट्रेट पूरी तरह पेपरलेस हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 तक राज्य के सभी जिलों को पेपरलेस कर दिया जाएगा।

Advertisement

31 मार्च 2023 इसका अंतिम बॉर्डर लाइन रखा गया है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को टारगेट दे दिया गया है। मंत्री ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि मार्च 2023 तक राज्य के सभी जिलों को ई-ऑफिस बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि 2023 से इस कार्य को ब्लॉक लेवल तक ले जाया जाएगा। उनके विभाग ने 2024 तक राज्य के सभी प्रखंडों को पेपरलेस यानी ‘ई-आफिस बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विभाग ने संकल्प के साथ रोडमैप बना लिया है।

मंत्री ने कहा कि इससे करप्शन रुकेगा, कार्यों में पारदर्शिता आएगी और काम करने में कम समय लगेगा। सरकार का निर्णय जल्द से जल्द अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। सरकारी अधिकारी चाहेंगे तो छुट्टी में भी मोबाइल फोन और लैपटॉप के माध्यम से अपना काम निपटा पाएंगे।

Share