
दृष्टि दिव्यांग ने डीईओ पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का लगाया आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन।
दरभंगा: सरकारी मुलाजिमों की कुव्यवस्था इस कदर गिर चुकी है जहां मानवीय संवेदनाओं की जगह बिल्कुल नहीं रह गयी है। यहां तक कि दृष्टि दिव्यांग को भी अपने अधिकार केलिए दर दर की ठोकरें खाने के वाबजूद न्याय नहीं मिल रहा है। इसबार बड़ा आरोप दरभंगा की जिला शिक्षा पदाधिकारी पर है, और इसी को लेकर पीड़ित दृष्टि दिव्यांग ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा है।
मौके पर पीड़ित के साथ मौजूद नेशनल ब्लाइंड यूथ एसोसिएशन के महासचिव कोमलनारायण मिश्र ने बताया कि जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के तिलकेश्वर पंचायत में शिक्षक नियोजन में संतोष कुमार शर्मा नामक दृष्टि दिव्यांग कोटि के अभ्यर्थी को किसी बड़ी साजिश के तहत काउंसिलिंग में सम्मलित होने से रोक दिया गया। निराश और हताश होकर अभ्यर्थी ने उसी दिन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नियोजन इकाई को इस तथ्य की सूचना दी। साथ ही काउंसिलिंग के अगले दिन ही अभ्यर्थी द्वारा जिलाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं आरडीडी के संज्ञान में यह बात दी गई।

मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता उज्जवल कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के तानाशाही रवैये की घोर निन्दा करते इस तरह की संवेदनशून्यता के खिलाफ त्वरित कारवाई किए जाने की मांग की। उज्जवल कुमार ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी फोन करने पर झल्लाहट के साथ असंसदीय भाषा का प्रयोग करती है। साथ ही उन्होंने संतोष कुमार शर्मा द्वारा भाग नही लिए जाने की अफवाह को पूरी तरह हास्यास्पद बताते हुए कहा कि बेरोजगारी की इस दौर में यह कैसे संभव हो सकता कि कोई अभ्यर्थी रोस्टर में नाम आने के बाद काउंसिलिंग में सम्मलित न होकर जिले के विभिन्न सक्षम पदाधिकारी से न्याय की गुहार लगाएगा!
उन्होंने इस प्रकरण में शामिल जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ सभी संलिप्त अधिकारियों पर कठोर दंडात्मक कारवाई किए जाने की मांग की।
मौके पर दृष्टि दिव्यांग अभ्यर्थी संतोष कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी से प्रार्थना करते हुए कहा कि बुधवार को उस पंचायत के लिए निर्गत किए जाने वाले नियोजन पत्रों को तत्काल स्थगित करते हुए मामले की गहन जांच अपने स्तर से कराते हुए यथोचित निर्णय लिया जाय।
इस अनुरोध पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को विधिसम्मत त्वरित कारवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं इस समस्या से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अपर जिला सत्र न्यायाधीश जावेद आलम को भी अवगत कराया गया। सचिव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्क्षण निर्देश दिए जाने का आश्वासन दिया।
मौके पर दृष्टि दिव्यांग अनिल कुमार यादव एवं अजय कुमार महतो भी मौजूद रहे।

