Home Featured दरभंगा में बेकाबू हुआ क्राइम, जीएम रोड कांड के बाद अब पत्रकार के घर को आग के हवाले करने का हुआ प्रयास।
Featured - मुख्य - February 22, 2022

दरभंगा में बेकाबू हुआ क्राइम, जीएम रोड कांड के बाद अब पत्रकार के घर को आग के हवाले करने का हुआ प्रयास।

देखिए वीडियो भी 👆

दरभंगा: दरभंगा में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं। पुलिस के नियंत्रण से विधि व्यवस्था बाहर जा चुकी दिखती है। गोलीबारी और लूटपाट जहां रोजमर्रा की घटना बन चुकी है, वहीं अब किसी के घर में आग लगाकर जान से मारने के प्रयास का ट्रेंड सा चल चुका है। हाल ही में हुए जीएम रोड कांड जैसे भयावह घटना के बाद एकबार फिर सोमवार की देर रात एक पत्रकार के घर को आग के हवाले करने का प्रयास किया गया। यह मात्र संयोग ही रहा कि सजगता के कारण पत्रकार और उनके परिवार की जान बच गयी। अन्यथा एकबार पुनः बड़ी घटना सामने आ सकती थी।

दरअसल, सोमवार की देर रात्रि मिश्राटोला निवासी वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार नीरज के घर के मुख्य गेट पर अपराधियों के द्वारा पेट्रोल से आग लगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। यदि उस समय घर के लोग सो रहे होते तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। परिवार के सदस्य सोने की तैयारी में ही थे के इसी बीच अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया।

Advertisement

घटना के सम्बंध में पीड़ित पत्रकार राकेश कुमार नीरज ने बताया कि इसी गेट के सटे दो से तीन की संख्या में मोटरसाइकिल एवं कई गैस सिलेंडर भी रखे होते हैं। अगर हम लोग सो रहे होते तो बड़ी घटना घट सकती थी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी वर्ष 2019 में अपराधियों द्वारा उन्हें जान से मारने की कोशिश की गयी थी। जिसके कारण प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराया गया था। अपराधियों द्वारा फिर अग्निकांड की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई। अगर वे जाग नहीं रहे होते तो उन्हें मालूम भी नहीं होता और आगजनी की बड़ी घटना हो सकती थी।

मंगलवार को राकेश कुमार नीरज के द्वारा स्थानीय कोतवाली ओपी थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उन्होंने बताया कि आये दिन नशा करने वाले बदमाशों के खिलाफ खबर लिख रहे हैं। इसी का परिणाम उक्त घटना हो सकता है।

उन्होंने बताया कि मुझे लगता है किसी ने दुश्मनी से परिवार समेत मुझे जिंदा जलाने का प्रयास किया है। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर जल्द व कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share