
डीएमसीएच के स्थापन दिवस पर जमकर थिरके चिकित्सक और छात्र।
दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज के स्थापना दिवस पर बुधवार को चिकित्सकों व छात्रों का उत्साह परवान पर था। चिकित्सक हों या पूर्ववर्ती और वर्तमान छात्र, इस मौके पर साथ मिलकर उन लोगों ने इसे यादगार बना दिया। कॉलेज के पुराने भवन परिसर में झंडोत्तोलन के बाद फिजियोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. शीला साहू के नेतृत्व में कॉलेज के प्रशासनिक भवन तक मार्च पास्ट किया गया।
दरभंगा महाराज के तैल चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद चिकित्सकों व छात्रों ने परिसर में खूब धमाल मचाया। कोई ड्रम बजा रहा था तो अन्य ड्रम की थाप पर जमकर नाच रहे थे। ख़ुशी से झूम रहे लोगों ने इस लम्हे को यादगार बना दिया। इसे कैमरे में कैद करने की होड़ लगी थी।

मौके पर छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर लोगों का दिल जीत लिया। बुधवार की देर शाम तक कॉलेज का ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भर रहा। तालियों की आवाज पूरे परिसर में गूंज उठी। विभिन्न गीतों व नृत्य की पेशकश कर छात्रों ने दर्शकों को घंटों अपनी सीटों से बांधे रखा।
आदित्य लक्ष्मी ने कई सुरीले गीतों के माध्यम से स्वर कोकिला लाता मगेश्वर को श्रद्धांजलि दी। ‘लग जा गले गीत के माध्यम से शाइस्ता नाज ने महफिल में अपने सुरों का जादू बिखेरा। राजू कुमार, प्रिय गिरी, सिधु, अंकित, कोमल, सुमित, मनीषा, श्रेय आदि ने गीत व नृत्य के क्षेत्र में भी अपनी कला का लोहा मनवाया।

