
जीएम रोड हत्याकांड के भूमाफियाओं की एडीएम ने भी की थी बड़ी मदद, पीड़िता ने खोला राज।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: जीएम रोड हत्याकांड के पीड़ित परिवार ने बुधवार को डीएम राजीव रौशन से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर उन्हें सरकारी सहायता प्रदान करने व निक्की झा को सरकारी नौकरी दिलाए जाने की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मृतक संजय झा की मां रीता झा ने अपने आवेदन में कहा है कि वह जीएम रोड के बंगला नम्बर चार में अपने परिवार के साथ रह रही थी। उनका एकमात्र पुत्र संजय झा ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उन्होंने कहा है कि मेरी एक अविवाहित बेटी भी है जिसका नाम निक्की कुमारी है। गत 10 फरवरी की रात हमारे घर पर मेरे पूरे परिवार को जिन्दा जलाकर मारने की घटना को अंजाम दिया गया। मेरा एकमात्र पुत्र संजय झा, पुत्री पिंकी झा व उसके गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की मौत हो गयी। मेरी पुत्री निक्की भी अधजली अवस्था में इलाजरत है। उन्होंने कहा कि अब मेरे परिवार के पास जीने का कोई सहारा नहीं बचा है क्योंकि मेरे पति अपनी सभी सम्पत्ति बेचकर राजकुमार कपिलेश्वर सिंह एवं राजकुमार राजेश्वर सिंह को इसी मकान एवं भूमि के बदले दे चुके हैं।
साथ ही मुलाकात के दौरान उनलोगों ने 23 सितम्बर 2020 की एक रिपोर्ट भी डीएम के सामने रखा जिसमें एडीएम के द्वारा अंचलाधिकारी के साथ स्थल निरीक्षण करने और निरीक्षण में हत्याकांड के मुख्य आरोपी शिवकुमार झा का दखल कब्जा दिखाया गया था। जबकि पीड़ित परिवार 40 वर्षों से आजतक उस मकान में है। दखल कब्जा के प्रयास में ही आरोपी द्वारा गत 10 फरवरी को हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
हालांकि एडीएम की इस रिपोर्ट पर कमिश्नर ने बाद में स्टे लगा दिया था और मामला फिलहाल हाई कोर्ट में है। पर इस गलत रिपोर्ट को बनाने केलिए पीड़ित परिवार ने एडीएम की मंशा पर बड़ा सवाल खड़ा किया और इस रिपोर्ट को भूमाफियाओं के मनोबल को बढाने का मुख्य कारण बताया। पीड़ित निक्की झा ने यहां तक कहा कि इसी रिपोर्ट के कारण हत्याकांड हुआ।
बताते चलें कि एडीएम की शिकायत डीएम से पीड़ित परिवार ने एडीएम की उपस्थिति में की। अपने ऊपर लग रहे आरोपों का एडीएम को कोई जवाव नहीं सूझ रहा रहा और वे मौन होकर केवल सुनते रहे।
इस हत्याकांड में एडीएम की आयी इस बड़ी भूमिका के बाद भी उनके ऊपर भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें भी अभियुक्त बनाकर सरकार द्वारा सुशासन के दावे को यथार्थ में दिखाया जाता है या नहीं, यह भी अपने आप में बड़ा सवाल होगा।

