
क्राइम सिटी की ओर अग्रसर है दरभंगा जिला, फिर युवक की हत्या कर लाश को फेंका।
दरभंगा: आमतौर पर शांत कहे जाने वाले मिथिला की हृदय स्थली दरभंगा को इनदिनों किसी की नजर लग गयी है। दरभंगा जिला अब क्राइम सिटी बनने की ओर अग्रसर हो चुका है। आये दिन कहीं न कहीं हत्या लूट आदि की वारदात की खबरें आती रहती हैं। पुलिस का खौफ जैसे समाप्त सा हो चुका है।
शुक्रवार की सुबह जिले के बिरौल थानाक्षेत्र के उछ्टी गांव में ईंट भट्ठा के पास शौच जाने के दौरान ग्रामीणों ने युवक की लाश देखी। यह सूचना तत्काल पूरे गांव में फैल गयी। इसके बाद कई ग्रामीण वहां जुट गए। अगल- बगल के कई गांवों के लोग भी वहां जमा हो गए। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर ब्रह्मदेव सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर खून से लथपथ लाश को थाना ले आये। शिनाख्त के लिए लोगों को लाश देखने की छूट दी गयी। भीड़ में से ही कुछ लोगों ने मृतक को बलहा गांव का रहने वाला बताया। इसके बाद बलहा के ग्रामीणों की सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही कई ग्रामीण थाना पहुंचे और मृतक की पहचान की।

युवक की बायीं कनपटी पर गोली लगी थी। मृतक की पहचान बलहा गांव के विश्वनाथ यादव के 22 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार उर्फ रोमियो यादव के रूप में हुई। युवक इंटर का छात्र था। पुलिस ने घटना की सूचना दिल्ली में रह रहे मृतक के माता-पिता व भाई को दे दी है।
इधर, थानाध्यक्ष ब्रह्मदेव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों के पहुंचने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि संदीप के माता-पिता व दो भाई दिल्ली की अजादपुर मंडी में मजदूरी करते हैं। संदीप गांव में रहकर दरभंगा से इंटर की पढ़ाई करता था। गुरुवार की शाम संदीप ने दो दोस्तों सिंघिया थाने के सोनमा गांव के मंजय यादव एवं दरभंगा के अभिषेक यादव के साथ बगैर नम्बर की बाइक से बलहा चौक पर आकर नाश्ता किया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।

