
जीएम रोड हत्याकांड करवाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले दरभंगा के एडीएम की हो शीघ्र गिरफ्तारी: पप्पू यादव।
दरभंगा: शहर के चर्चित जीएम रोड तिहरे हत्याकांड में अब जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने भी दरभंगा के एडीएम पर मुकदमा दर्ज कर उनके गिरफ्तारी की मांग जोरदार तरीके से कर दी है। उन्होंने इस हत्याकांड को करवाने में एडीएम की मुख्य भूमिका होने का गम्भीर आरोप लगाया है। उक्त आरोप उन्होंने बढ़ते आपराधिक घटनाओं को लेकर दरभंगा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान रविवार को लगाया है।
उन्होंने कहा है कि एक डॉक्टर और एक बड़े मंत्री के कहने पर 6 लाख रुपया लेकर एडीएम ने गलत रिपोर्ट बनाकर उक्त जमीन पर अपराधी शिव कुमार झा का कब्जा दिखाया।

इसके साथ ही इस हत्याकांड में एक बड़े डॉक्टर और दरोगा के साथ साथ ऊपर तक के अधिकारियों की भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने लगातार हो रही हत्याओं पर सरकार एवं प्रशासन को जमकर लताड़ा है। साथ ही जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाये हैं।
बताते चलें कि गत दिनों पीड़ित द्वारा एडीएम कोर्ट के गलत आदेश को जीएम रोड हत्याकांड का मुख्य वजह बताने की शिकायत जिलाधिकारी से की गयी थी। इसके बाद कारवाई की जगह सरकारी महकमा आयुक्त न्यायालय के स्टे के बाद स्वतः एडीएम के आदेश को निरस्त बताकर अपने अधिकारी की करतूत को छिपाने में लग गया। पर यह मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय मीडिया ने भी इस आरोप को जबरदस्त तरीके से उठाया है कि आदेश निरस्त हुआ तो फिर गलत आदेश निर्गत करने वाले पर कारवाई क्यों नहीं! किन परिस्थितियों में एडीएम द्वारा गलत आदेश निर्गत किया गया जो इतने बड़े नृशंस हत्याकांड का एक मुख्य वजह बना!
अब पप्पू यादव द्वारा भी इस मुद्दे को गम्भीरता से उठाने के बाद एडीएम की मुसीबत कम होती नहीं दिख रही है।

