
जिले के 44 केंद्रों पर होगी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश।
दरभंगा: जिले के 44 समेत सूबे के 11 शहरों के 325 केंद्रों पर बुधवार को बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी 11 जिलों के जिलाधिकारी अपने-अपने जिले में बैठक कर परीक्षा के आयोजन को लेकर दिशा निर्देश दे रहे हैं। इस कड़ी में सोमवार को दरभंगा समाहरणालय स्थित आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन ने प्रवेश परीक्षा को लेकर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी के साथ ब्रीफिग की।

डीएम ने कहा कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2022 का आयोजन छह जुलाई 2022 यानि बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। सभी संबंधित दंडाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 10:50 के बाद किसी भी परीक्षार्थी का प्रवेश परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल रखने की इजाजत नहीं होगी। परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण सुचारुपूर्वक संचालन कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल सहित सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों को 15 जोन में विभक्त करते हुए 15 जोनल दंडाधिकारी बनाए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान लगातार परीक्षा केंद्रों की गश्ती करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक, जन संपर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, वरीय कोषागार पदाधिकारी शंभू कुमार आर्य, उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश एवं संबंधित दंडाधिकारी व केन्द्राधीक्षक उपस्थित थे।

