
स्वर्ण जयंती पर सीएम कॉलेज में आयोजित होंगे कई कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर हुई बैठक।
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की स्थापना के स्वर्ण जयंती पर सीएम कॉलेज में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसे लेकर गुरुवार को कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ0 अनिल कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रो0 मंजू राय के संयोजकत्व में आयोजन समिति का गठन किया गया। इसमें संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ0 आरएन चौरसिया, हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो0 अखिलेश कुमार राठौर, अर्थशास्त्र की प्राध्यापिका डॉ0 रीना कुमारी, इतिहास के प्राध्यापक डॉ0 संदीप कुमार, राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ0 शैलेन्द्र श्रीवास्तव, मैथिली के प्राध्यापक डॉ0 सुरेन्द्र भारद्वाज, समाजशास्त्र की प्राध्यापिका डॉ0 रजनी सिंह तथा उर्दू के प्राध्यापक डॉ0 सऊद आलम हैं।

प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न कार्यक्रम होने से उनके व्यक्तित्व का विकास हो सकेगा तथा समाज में सकारात्मक संदेश भी जाएगा। इसका लाभ कॉलेज को भी मिलेगा। बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सदस्यों को जिम्मेवारी भी सौंपी गयी। कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई को उद्घाटन समारोह होगा। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। प्रो. मंजू राय ने बताया कि इच्छुक छात्र अधिकतम तीन विधा में भाग ले सकते हैं। इसके लिए छात्र नामांकन रसीद अथवा कॉलेज परिचय पत्र की छायाप्रति के साथ पंजीयन फॉर्म अंग्रेजी विभाग अथवा बर्सर कार्यालय में भरकर जमा करेंगे। प्रतियोगिताओं में सिर्फ पंजीकृत छात्र-छात्राएं ही भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रमों के आयोजक डॉ0 आरएन चौरसिया ने बताया कि विभिन्न विधाओं में सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र तथा मेडल आदि प्रदान कर 31 जुलाई को समापन के दिन महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में सम्मानित किया जाएगा।

