
रोजगार के नाम पर ठेका प्रथा कबूल नहीं : संदीप चौधरी।
दरभंगा: रविवार को इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) का जिला स्तरीय युवाओं की बैठक राज्य सह सचिव संदीप कुमार चौधरी की अध्यक्षता में भाकपा(माले) महानगर कार्यालय मिर्जापुर में संपन्न हुई।
बैठक में आरवाईए को जिला में मजबूत करने, सदस्यता अभियान चलाने, प्रखंड व जिला सम्मेलन करने व रोजगार के सवाल पर युवा को जोड़ने के लिए गांव यात्रा करने व आगामी 10 एवं 11 सितंबर को झारखंड में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने पर परिचर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि हमारा देश आजादी के 75 वें साल में प्रवेश कर चुका है और हमारा मुल्क नौजवानों का मुल्क है। यहां आधी से अधिक आबादी (54%) 25 साल से कम उम्र के नौजवानों की है और (62%) आबादी 15 से 59 के बीच की उम्र की है, कोई भी देश अपनी नौजवान आबादी को सम्मानजनक रोजगार देकर ही तरक्की कर सकता है। विकास व विश्वगुरु के शोर शराबे के बीच सच्चाई यह है कि बेरोजगारी व महंगाई का ऐसा खराब आलम आजाद भारत में पहले कभी नही हुआ था। आगे उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार के संघर्ष हेतु आरवाईए संकल्पित है।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सह सचिव संदीप कुमार चौधरी ने कहा की 14 जून को मोदी सरकार ने सेना में 4 साल के लिए ठेके पर जवानों की भर्ती योजना की घोषणा कर देश और नौजवानों के साथ बड़ा धोखा किया है। 2014 में नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि सरकार आएंगे तो हर साल 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार देंगे। रोजगार देना तो दूर 2 करोड़ रोजगारशुदा लोग बेरोजगार हो गए और मोदी का यह वादा जुमला ही साबित हुआ।
आगे श्री चौधरी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू भाजपा के लोगों ने 19 लाख रोजगार की बात कर नौजवानों को ठगने का काम किया है। सेना से लेकर प्रोफेसर तक ठेका प्रथा पर बहाली जारी है इसको आरवाईए कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और नौजवानों को संगठित कर बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगी।
बैठक में 11 सदस्यीय जिला संयोजन समिति का गठन किया गया। जिसमें संदीप कुमार चौधरी को संयोजक, सह संयोजक के रूप में अमित कुमार पासवान, दिलीप कुमार और विशाल मांझी चुने गए। सदस्य के रूप में राहुल राज, अमरजीत पासवान, अनिकेत रंजन, इंद्रजीत कुमार, राम, संतोष कुमार यादव शामिल है। बैठक से निर्णय लिया गया कि तीन प्रखंड बहादुरपुर, हायाघाट, सदर में सदस्यता अभियान चलाते हुए प्रखंड सम्मेलन आयोजित की जाएगी। साथ ही अगस्त के अंतिम सप्ताह में जिला सम्मेलन किया जाएगा।
वहीं आगमी 31 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक करने की योजना बनी।
बैठक मे शामिल साथियों को राज्य अध्यक्ष आफताब आलम और राज्य सह सचिव संदीप कुमार चौधरी ने सदस्यता ग्रहण करवाया।

