Home Featured महारानी कल्याणी महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।
Featured - मुख्य - July 21, 2022

महारानी कल्याणी महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।

दरभंगा: गुरुवार को स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय में मिथिला विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो० परवेज अख्तर की अध्यक्षता में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य प्रो० अख्तर ने कहा कि हमारे महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में अपार संभावनाएं हैं जिसके प्रतिभा को निखारने के लिये पूरा महाविद्यालय परिवार दृढ़ संकल्पित है, ताकि छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ सर्वांगीण विकास हो सके और हमारे महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का बेहतर प्रदर्शन दिखा सके। आगे छात्र-छात्राओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि इस क्विज प्रतियोगिता में पूरे तन्मयता के साथ भाग लें। हार और जीत तो खेल के ही दो पहलू हैं। जो खेलेगा वही जीतेगा और हारेगा और जो खेलेगा ही नहीं वो तो ना जीतेगा और ना हारेगा। इसीलिए किसी भी प्रतियोगिता में दवाब में हमें बिखरना नहीं बल्कि निखरना चाहिए।

Advertisement

प्रख्यात समाजशास्त्री सह महाविद्यालय की समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ० सरोज चौधरी ने कही कि हर मनुष्य में निहित आंतरिक शक्ति होती है जिसका विकास कर उससे समाज में फैले अंधकार पर विजय पाना ही शिक्षा का मूलमंत्र में से एक है। साक्षर और शिक्षित दोनों का अर्थ अलग होता है। साक्षर का अर्थ सिर्फ अक्षर का ज्ञान होना होता है जबकि शिक्षित का अर्थ अक्षर के ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व का विकास होना होता है। आप सबों के अंदर जो कला छिपी हुई है उस को निखारना ही आज के कार्यक्रम का मूलमंत्र है। इसीलिए आप सब आज के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भाग लें।

भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो० शम्से आलम ने कहा कि छात्रों का मन ज्यादा गतिशील होता है। शिक्षक उस गतिशीलता को सकारात्मकता की ओर ले जाते हैं जिससे उसका शैक्षणिक के साथ-साथ सर्वांगीण विकास हो सके। इसी उद्देश्य के साथ आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

निर्णायक मंडली के रूप में डॉ० आलोक प्रभात, डॉ० चंदन कुमार ठाकुर, डॉ० संजय कुमार व डॉ० शंभु राम ने कार्यक्रम के अंत में क्विज प्रतियोगिता के रिजल्ट की घोषणा की जिसमें प्रथम स्थान नरसिंह कुमार सहनी, द्वितीय स्थान साधु शरण शर्मा व तृतीय स्थान पर अभिनव कुमार झा रहे।

इस कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में डॉ० गीतांजलि चौधरी व डॉ० रंजीत कुमार उपस्थित थे। मंच संचालन डॉ० गीतांजलि चौधरी ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ० श्वेता शशि ने किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों के शिक्षक व शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्याओं में छात्र व छात्राएं उपस्थित थे।

Share