Home Featured सांसद ने कृषि मंत्री को किसानों की समस्याओं से कराया अवगत।
Featured - मुख्य - July 21, 2022

सांसद ने कृषि मंत्री को किसानों की समस्याओं से कराया अवगत।

दरभंगा: गुरुवार को नई दिल्ली में दरभंगा के सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात कर उन्हें मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर, मिथिला पेंटिंग व मखान की माला से सम्मानित किया। इस दौरान चले बातचीत के क्रम में उन्होंने मंत्री को क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग पत्र सौंपा।

सांसद ने क्षेत्र में कम बारिश होने से धान की कम बुआई सहित किसानों को हो रही अन्य समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने दरभंगा स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र को पुन: राष्ट्रीय दर्जा देने, बेनीपुर में हॉर्टिकल्चर शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने एवं बिरौल में ग्रामीण प्रौद्योगिकी विकास एवं प्रदर्शन केंद्र स्थापित करने सहित कई विषयों पर चर्चा की।

Advertisement

सांसद ने कहा कि पूरे देश में मखाना के कुल उत्पादन का 80 से 90 प्रतिशत उपज मिथिला में होती है।

इसकी महत्ता को देखते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 28 फरवरी 2002 को दरभंगा में राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र की स्थापना की। सत्ता परिवर्तन के साथ ही पूर्ववर्ती सरकार ने इसका राष्ट्रीय दर्जा समाप्त कर दिया था। इस कारण इस केंद्र की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने मंत्री से पुन: इसे राष्ट्रीय दर्जा देने का आग्रह किया ताकि इस संस्थान के स्थापना का उद्देश्य पूरा हो सके। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मखाना के व्यापार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की बात कही है। मुलाकात के दौरान सांसद के साथ दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी भी मौजूद थे। उन्होंने भी पाग-चादर से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।

Share