
एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर मंत्री ने किया रवाना।
दरभंगा: जिले के जाले विधानसभा के विधायक सह बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं आईटी विभाग के मंत्री जीवेश कुमार ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग से जाले रेफरल अस्पताल को मिले एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर एक मरीज के साथ जाले रेफरल अस्पताल परिसर से रवाना किया।

मौके पर रेफरल अस्पताल के कर्मियों द्वारा एंबुलेंस को दुल्हन की तरह सजाया गया था। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर दिया गया यह अनुपम उपहार है। इससे दूर-दराज के मरीजों की जिंदगी बचाने में यह एंबुलेंस कारगर भूमिका निभाएगी, क्योंकि इसमें आईसीयू सहित लाइफ सपोर्ट तमाम मेडिकल उपकरण उपलब्ध हैं। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार वास्तव में गरीब एवं लाचार लोगों की सेवा एवं सहायता अपनी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
इस मौके पर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेकानंद झा सहित सभी स्वास्थ्य कर्मी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

