
डीडी मैथिली चैनल की स्थापना को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले सांसद।
दरभंगा: सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर उनसे आकाशवाणी दरभंगा के विकास की मांग की।
इस दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री को पाग, चादर व मखान माला से सम्मानित किए और उन्हें दरभंगा आने का निमंत्रण भी दिया। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मुख्य रूप से डीडी मैथिली चैनल की स्थापना, आकाशवाणी दरभंगा को मैथिली आकाशवाणी केंद्र घोषित करते हुए कर्मियों की संख्या बढ़ाने एवं प्रशासनिक भवन सहित पूरे परिक्षेत्र का जीर्णोद्धार करने, राज खेल मैदान को अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान के रूप में विकसित करने, सिमुलकास्ट के लिए 10 केवी का एफएम ट्रांसमीटर स्थापित करने, खेलो इंडिया के तहत दरभंगा में विभिन्न खेल अवसंरचना का निर्माण के साथ यूनिवर्सिटी सेंटर ऑफ एक्सिलेंस की स्थापना करने एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (डांस एंड ड्रामा डिवीजन) के जीर्णोधार सहित कई विषयों पर चर्चा की।

इस मौके पर उन्होंने मुजफ्फरपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र को ही डीडी मैथिली चैनल के रूप में घोषित करते हुए जल्द प्रसारण शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने देश के विभिन्न आकाशवाणी केंद्रों व दूरदर्शन चैनल के कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ जनहित के मुद्दों पर चर्चा कार्यक्रम चलाने का भी आग्रह किया। सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना और सभी विषयों पर त्वरित सकारात्मक कारवाई का भरोसा दिया।

