
दूसरी सोमवारी पर कुशेश्वरस्थान में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के किये गए थे चाक चौबंद उपाय।
दरभंगा: जिले के विभिन्न शिवालयों में सावन की दूसरी सोमवारी पर हर हर महादेव का नारा गूंजता रहा। सड़कों से लेकर मंदिरों तक वातावरण भक्तिमय दिखा। कहीं बोल बम के नारे लग रहे थे तो कहीं हर हर महादेव के नारे। शिवालयों में महिला व पुरुष भक्तजनों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा अर्चना की। हर छोटे बड़े मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
मिथिला के बाबाधाम कुशेश्वरस्थान और जाले के गंगेश्वरस्थान में जलार्पण के लिए सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई है। कुशेश्वरस्थान में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए राविवार को न्यास समिति के अध्यक्ष सह बिरौल एसडीओ संजीव कुमार कापर तथा डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी दल-बल के साथ शिव मंदिर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिये थे। महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था, चंद्रकूप में जल भरने में श्रद्धालुओं को पिछली सोमवारी को हुई कठिनाई, मंदिर प्रांगण में अनियंत्रित भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को जलाभिषेक में हुई परेशानी आदि के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल को अलग-अलग प्रतिनियुक्ति किया गया था। पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं की अलग-अलग लाइन लगी थी। इस प्रकार वे मंदिर परिसर में स्थित चन्द्रकूप तक पहुंच रहे थे। फिर जलपात्र में जल भरकर पुन: लाइन में ही लगकर मंदिर के गर्भगृह तक प्रवेश कर जलार्पण करना पड़ा।

मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर स्थानीय बाजार के मुख्य द्वार तक हर 10 कदम पर वोलेंटियर मुस्तैद दिखे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए चिह्नित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर बैरिकेटिंग की गयी थी। साथ ही बड़े वाहनों की पार्किंग सतीघाट उच्च विद्यालय परिसर, टेम्पो तथा दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था कुशेश्वरस्थान उच्च विद्यालय प्रागण में की गई थी। थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक सौ महिला-पुरुष पुलिस बल को जगह-जगह तैनात किया गया है।
एसडीओ ने बताया कि शिवगंगा घाट में गोताखोर तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने कहा कि गाड़ी पार्किंग में न्यास के वोलेंटियर तैनात रहेंगे। इसके बाद भी अगर गाड़ी की चोरी होती है तो वोलेंटियर तथा पार्किंग कर्मी पर प्राथमिकी दर्ज करने की जाएगी।

